पूजा करने गया परिवार, पीछे से बहू ने उठाया खौफनाक कदम
छाल: रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाटी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नवरात्रि के पावन अवसर पर जब परिवार मंदिर दर्शन के लिए गया हुआ था, उसी दौरान घर में अकेली मौजूद 27 वर्षीय बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाटी निवासी सतीश अग्रवाल का परिवार नवरात्रि के उपलक्ष्य में धरमजयगढ़ स्थित मंदिर में दर्शन करने गया था। इसी बीच उनकी पत्नी आकांक्षा अग्रवाल (27 वर्ष) घर के एक कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से झूल गईं।
जब परिवार के सदस्य मंदिर से वापस लौटे, तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने गांव के सरपंच पति को सूचना दी। उनकी मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए—आकांक्षा का शव पंखे से लटक रहा था।
मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया
मृतिका अपने पीछे 5 वर्षीय मासूम बेटी को छोड़ गई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही छाल पुलिस, एफएसएल टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।