मुख्य समाचार
रायगढ़ में एक्सपोर्ट हब बनने की प्रचुर संभावनाएं……योजनाओं का लाभ लें स्थानीय उद्यमी……-कलेक्टर गोयल
जय जोहार इंडिया टीवी न्यूज

सबसे तेज न्यूज पोर्टल jaijoharindiatv.com
रायगढ़ में एक्सपोर्ट हब बनने की प्रचुर संभावनाएं……योजनाओं का लाभ लें स्थानीय उद्यमी……-कलेक्टर गोयल
निर्यात वित्त विकल्पों, कस्टम प्रक्रिया, एमएसएमई ऋण, ई-कॉमर्स और डिजिटल मार्केटिंग के बारे में इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने साझा की जानकारी

जय जोहार इंडिया टीवी.कॉम jaijoharindia.com ०६/०२/२०२४ रायगढ़ :- रायगढ़ प्रदेश का औद्योगिक जिला है। यहां कई तरह के उत्पाद तैयार होते हैं। जिनका मार्केट विस्तार विदेशों तक किया जा सकता है। फॉरेन ट्रेड में केंद्र सरकार निर्यात बंधु स्कीम के तहत उद्यमियों को न केवल विभिन्न प्रकार की सब्सिडी और छूट दे रही है, विदेशों में ट्रेड फेयर में हिस्सा लेने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। स्थानीय उद्यमियों को इसका लाभ लेना चाहिए। यह बातें कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने जिले के उद्यमियों से कही। वे जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा फॉरेन ट्रेड पर आयोजित वर्कशॉप में बोल रहे थे।
कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि भारत सरकार विदेश में निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए फॉरेन ट्रेड पॉलिसी का निर्माण करती है। इसके जरिए विभिन्न सेक्टर के उद्योगों को वैश्विक स्तर में व्यापार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग दिया जाता है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में सुदृढ़ औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर है। आयरन और स्टील के साथ यहां कृषि व उद्यानिकीए हैंडीक्राफ्टए हैंडलूमए कोसा वस्त्रए झारा शिल्प के क्षेत्र में निर्यात की अच्छी संभावनाएं हैं। अत: निर्यात के लिए अनुकूल मार्केट तलाश कर वहां निर्यात शुरू किया जा सकता है। इससे मुनाफा बढ़ेगा और मार्केट डायवर्सिफिकेशन के कारण सिर्फ एक तरह के बाजार पर निर्भरता का रिस्क कम होगा।

उल्लेखनीय है कि महानिदेशक, विदेश व्यापार और विकास आयुक्त, मिहान सेज, क्षेत्रीय प्राधिकरण नागपुर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय भारत सरकार, उद्योग संचालनालय छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में निर्यात बंधुस्कीम के अंतर्गत निर्यात आउटरिच कार्यक्रम का आयोजन आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इस कार्यशाला में डीजीएफटी नागपुर, सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्यम विकास कार्यालय रायपुर, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र रायगढ़, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, भारतीय स्टेट बैंक, भारतीय डाक, अमेजन ग्लोबल/इण्डिया मार्ट आदि के द्वारा निर्यात संवर्धन के लिये निर्यात वित्त विकल्पों, कस्टम प्रक्रिया, एमएसएमई ऋण, ई-कॉमर्स और डिजिटल मार्केटिंग सहित विभिन्न तरीकों से जिले के उत्पादों और सेवाओं की व्यापक और वैश्विक पहुंच बनाने के लिये एक मंच प्रदान करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। निर्यात में रूचि रखने वाली औद्योगिक इकाईयां, कृषि उत्पादक संगठन, स्व-सहायता समूह एवं उद्यमीगण इस कार्यशाला में उपस्थित हुये।




