वृद्ध महिला की मौत, 9 वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
छाल – धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 स्थित चिकटवानी के मुड़ाटिकरा मोहल्ले में शनिवार को एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी मासूम नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद गांव में भय और सन्नाटे का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मिरीना लकड़ा (लगभग 70 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्ची अगस्तिना लकड़ा (लगभग 9 वर्ष) मृतका की नातिन बताई जा रही है। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक आशंका अज्ञात हमलावर द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की जताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल इस रहस्यमयी घटना ने मुड़ाटिकरा मोहल्ले सहित पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।