समाजसेवी प्रहलाद अग्रवाल ने स्कूली बच्चों के साथ मनाई शादी की 44वीं वर्षगांठ, 500 बच्चों को कराया न्यौता भोजन
हाटी (कुड़ेकेला): ग्राम पंचायत हाटी के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री प्रहलाद राय अग्रवाल एवं श्रीमती सरोजलता अग्रवाल ने अपने वैवाहिक जीवन की 44वीं वर्षगांठ को एक यादगार और सेवाभावी स्वरूप दिया। इस अवसर पर उन्होंने किसी आलीशान पार्टी के बजाय गांव के बच्चों के बीच खुशियां बांटीं।
अग्रवाल परिवार ने स्थानीय प्राथमिक शाला (PS), माध्यमिक शाला (MS), हायर सेकेंडरी स्कूल (HSS) और के.एम.के. (KMK) पब्लिक स्कूल के लगभग 500 विद्यार्थियों के साथ केक काटकर और मिठाई बांटकर अपना स्थापना दिवस मनाया।
न्यौता भोजन का भव्य आयोजन
इस विशेष दिन पर उपसरपंच चंचल राजा अग्रवाल एवं समस्त अग्रवाल परिवार द्वारा ‘न्यौता भोजन’ का आयोजन किया गया। बच्चों को बड़े ही प्रेम के साथ पूरी, छोले, दाल-चावल, मिक्स वेज, चटनी और मिठाई परोसी गई। बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हुए परिवार के सदस्यों ने अपनी खुशियां साझा कीं, जिससे पूरा माहौल आनंदमय हो गया।
कार्यक्रम में शासन-प्रशासन के अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर दंपति को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित मुख्य अतिथियों में शामिल रहे: रजनी राठिया- जिला पंचायत सदस्य, लोमेश मिरी- तहसीलदार (छाल), एस.आर. सिदार- विकासखंड शिक्षा अधिकारी, त्रिनाथ त्रिपाठी: टी.आई., डोल नारायण पटेल- मंडल अध्यक्ष, संजय गुप्ता-समाजसेवी, इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और सभी स्कूलों के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रहलाद अग्रवाल और उनके परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को इसी तरह मांगलिक अवसरों पर बच्चों और जरूरतमंदों के बीच खुशियां मनानी चाहिए।