मुख्य समाचार

ऑनलाइन सट्टा पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा: धरमजयगढ़ और कोतवाली से 2 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़

ऑनलाइन सट्टा पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा: धरमजयगढ़ और कोतवाली से 2 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

छाल  : जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ एवं कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि मस्जिदपारा निवासी विरेन्द्र मिश्रा व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी विरेन्द्र मिश्रा (36 वर्ष) को मोबाइल में सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा। जांच में उसके मोबाइल से सट्टा लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले। पूछताछ में उसने फोन पे और व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालन स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और ₹870 नगद जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की।

वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरापुर पुरानी बस्ती में पुलिस ने श्यामलाल भास्कर (55 वर्ष) को मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया। आरोपी के मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखने के प्रमाण मिले। पूछताछ में उसने सहनावाज मालिक उर्फ सानु के लिए कमीशन पर काम करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, ₹1750 नगद और सट्टा पट्टी से संबंधित कागजात जब्त किए। इस मामले में श्यामलाल भास्कर और सहनावाज मालिक उर्फ सानु के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) एवं 7(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सानु फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

दोनों मामलों में पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!