रायगढ़ चक्रधर समारोह से पहले ऐतिहासिक राजमहल के जीर्णोद्धार की मांग, गोंडवाना गोंड महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़, रायगढ़

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
रायगढ़ चक्रधर समारोह से पहले ऐतिहासिक राजमहल के जीर्णोद्धार की मांग, गोंडवाना गोंड महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायगढ़। रायगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान, संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह जी की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले चक्रधर समारोह को लेकर गोंडवाना गोंड महासभा (युवा प्रभाग) ने प्रशासनिक मोर्चा खोल दिया है। महासभा के जिला उपाध्यक्ष अनिल सिदार के नेतृत्व में कलेक्टर महोदय को एक ज्ञापन सौंपकर राजापारा स्थित ऐतिहासिक धरोहर राजमहल परिसर के रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कराने की पुरजोर मांग की गई है।

अपेक्षाओं के बीच जर्जर स्थिति में धरोहर ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन और जनसहयोग से प्रतिवर्ष चक्रधर समारोह पर करोड़ों रुपये खर्च कर देश-विदेश के विख्यात कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है। परंतु, ऐतिहासिक महत्व रखने वाले राजा चक्रधर सिंह जी के स्मृतिशेष राजमहल की लंबे समय से पुताई और मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे महल की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है।

कलाकार भी नहीं कर पाते भ्रमण महासभा ने ध्यान दिलाया कि चक्रधर समारोह में आने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार और अतिथि राजा चक्रधर सिंह जी के ऐतिहासिक राजमहल का भ्रमण करने की इच्छा व्यक्त करते हैं, लेकिन इसकी जर्जर स्थिति के कारण उन्हें निराशा हाथ लगती है।

समाज की प्रशासन से प्रमुख मांगें
- चक्रधर समारोह-2026 के आयोजन से पूर्व राजमहल परिसर का रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।
- राजमहल परिसर को आकर्षक बनाने और इसके इतिहास से लोगों को जोड़ने के लिए ‘लाइट एण्ड साउण्ड’ (Light & Sound) कार्यक्रम का आयोजन भी शुरू किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने मांग जल्द पूरी न होने पर ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए आवाज बुलंद रखने की बात कही है।


