जंगल के पास सड़क दुर्घटना: दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौत, गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी
छत्तीसगढ़, रायगढ़ धरमजयगढ़ छाल

जय जोहार इंडिया TV, क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
छाल थाना क्षेत्र के कुर्रू जंगल मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक पलटने से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
रायगढ़ / छाल -19 अक्टूबर 2026 – रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। रविवार (18 अक्टूबर) की रात्रि को कुर्रू गांव के जंगल के पास एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर बाइक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जो जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
तीखे मोड़ पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुर्दा के रहने वाले दो युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुर्रू गांव के जंगल के पास सड़क के एक मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार आशिक राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक विवेक राठिया की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। दोनों युवक ग्राम गुर्दा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
112 टीम और स्वास्थ्य अमले की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक सुरेश टोप्पो और चालक हियाक दास महंत ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर पैकरा की चिकित्सा टीम द्वारा घायलों और पीड़ित युवकों का उपचार किया गया, जहां डॉक्टरों ने आशिक राठिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल विवेक राठिया का इलाज जारी है।
छाल पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
(ब्यूरो रिपोर्ट – जय जोहार इंडिया TV)



