मुख्य समाचार

रायगढ़ में आदिवासी कर्मचारी संगठन के पुनर्गठन की मांग तेज, महिला कर्मचारियों ने भी भरी हुंकार

छत्तीसगढ़, रायगढ़

जय जोहार इंडिया TV न्यूज क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क 

रायगढ़ में आदिवासी कर्मचारी संगठन के पुनर्गठन की मांग तेज, महिला कर्मचारियों ने भी भरी हुंकार

 

प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव से सीधे संवाद कर जिला कार्यकारिणी भंग कर नई कार्यकारिणी गठित करने की होगी मांग

 

महिला कर्मचारियों का ऐलान – “अब न साहिबो, बदल के रहीबो”

 

जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायगढ़। जिले में अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ की जिला इकाई की निष्क्रियता को लेकर आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी एकता संगोष्ठी की तैयारी के तहत 22 नवंबर 2026 को सरना सामुदायिक भवन, रामभांठा रायगढ़ में जिला आदिवासी महिला कर्मचारी-अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला कर्मचारियों ने एक स्वर में जिले में मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह आदिवासी कर्मचारी संगठन के गठन की आवश्यकता पर जोर देते हुए संगठन के पुनर्गठन की मुहिम को अपना समर्थन दिया।

बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला रायगढ़ के अध्यक्ष श्री प्रताप खलखो ने की। इस अवसर पर संगोष्ठी के संयोजक बिनेश भगत, दीपक लकड़ा एवं विवेक तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

बैठक में संचालनकर्ता दीपक लकड़ा ने वर्तमान जिला कार्यकारिणी की निष्क्रियता पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों के संवैधानिक, सेवा संबंधी एवं अन्य जायज अधिकारों के संरक्षण के लिए एक मजबूत और सक्रिय संगठन की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने सभी विभागों में आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ गठित करने तथा कर्मचारियों को एक साझा मंच पर लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

महिला कर्मचारियों के शोषण और अन्याय के खिलाफ संगठित संघर्ष की जरूरत

 

संगोष्ठी संयोजक बिनेश भगत ने कहा कि आदिवासी कर्मचारी-अधिकारियों को अब बिखरे रहने के बजाय एकजुट और संगठित होना होगा। विशेषकर शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों में आदिवासी महिला कर्मचारियों के साथ होने वाले कथित शोषण, अन्याय और उत्पीड़न के विरुद्ध एक सशक्त संगठन के माध्यम से आवाज उठाना समय की मांग है। उन्होंने जिले की महिला कर्मचारियों से संगठन में सक्रिय भागीदारी निभाने और अन्याय के खिलाफ मुखर होकर सामने आने का आह्वान किया।

 

उन्होंने बताया कि संगठन के पुनर्गठन के संबंध में अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रांताध्यक्ष श्री आर.एन. ध्रुव से मोबाइल पर चर्चा कर जिले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया है। उन्हें आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय आम बैठक में आमंत्रित किया गया है। संयोजक मंडल का प्रयास है कि प्रांताध्यक्ष की उपस्थिति में वर्तमान जिला कार्यकारिणी को भंग कर नई, सक्रिय एवं जवाबदेह कार्यकारिणी का गठन किया जाए।

 

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि वर्तमान संगठनात्मक व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नहीं होता है, तो आदिवासी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए वैकल्पिक संगठनात्मक व्यवस्था पर भी लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से विचार किया जाएगा।

 

महिला कर्मचारियों ने बेबाकी से रखी अपनी बात, मजबूत संगठन को दिया समर्थन

 

बैठक में उपस्थित महिला अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने कार्यक्षेत्र की समस्याओं, सामाजिक चुनौतियों और संगठन की आवश्यकता पर खुलकर विचार रखे।

 

1. शिल्पा केरकेट्टा (व्याख्याता, पुसौर) ने सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में आदिवासी महिलाओं की समान भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने आदिवासी समाज के प्रति अन्य वर्गों में दिखाई देने वाली संकीर्ण सोच पर चिंता जताते हुए मजबूत कर्मचारी संगठन की मुहिम का समर्थन किया।

2. विनिता केरकेट्टा (व्याख्याता, रायगढ़) ने कहा कि सभी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त आदिवासी कर्मचारी संगठन होना जरूरी है। उन्होंने संगठन के गठन एवं सक्रियता बढ़ाने में महिला विंग की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

 

3. कमला प्रभा एक्का (सहायक शिक्षक) ने कहा कि आदिवासी कर्मचारी स्वभाव से सरल और शांत होते हैं तथा कई बार अपने अधिकारों के लिए खुलकर आवाज नहीं उठा पाते। ऐसे में संगठन ही उनके संघर्ष का मजबूत माध्यम बन सकता है। उन्होंने जिले में सशक्त संगठन के गठन का समर्थन किया।

 

4. आशा भगत (व्याख्याता) ने जिला संगठन के गठन का समर्थन करते हुए महिला कर्मचारियों की ओर से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

 

5. तेरेसा केरकेट्टा (प्रधानपाठक) ने पदोन्नति में आरक्षण के लाभ तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता बताई। उन्होंने आदिवासी बाहुल्य राज्य में अनुसूचित जनजाति आरक्षण को 32 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत किए जाने पर चिंता व्यक्त की और सर्व आदिवासी समाज के साथ मिलकर कर्मचारी संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने महिला टीम की सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

 

6. अंजू मिंज (प्रधानपाठक) ने संगोष्ठी की पहल की सराहना करते हुए आदिवासी कर्मचारी वर्ग का अपना स्वतंत्र एवं मजबूत संगठन बनाने का समर्थन किया।

 

7. अनिमा जॉन मिंज (शिक्षिका) ने संगठन को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा बैठक के एजेंडे का समर्थन किया।

 

8. जानकी सिदार (शिक्षिका, रायगढ़) एवं दीपा तिग्गा (शिक्षिका, पुसौर) ने रायगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला गोरखा की आदिवासी महिला प्रधानपाठक के निलंबन प्रकरण को बैठक में उठाया। उन्होंने निलंबन की कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए मामले को संगठन के संज्ञान में लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के साथ होने वाले अन्याय एवं कथित शोषण के विरुद्ध सामाजिक और कर्मचारी संगठन के संयुक्त मंच से आवाज उठाई जानी चाहिए।

 

महिला कर्मचारियों ने एकमत से संकल्प लिया कि वे न केवल जिला कर्मचारी संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगी, बल्कि सामाजिक संगठनों में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास करेंगी।

 

संगठन के मंच से उठी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचती है : प्रताप खलखो

 

बैठक के अध्यक्ष श्री प्रताप खलखो ने अपने संबोधन में कहा कि किसी संगठित मंच से उठने वाली आवाज शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। इसलिए आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होना चाहिए। उन्होंने महिला कर्मचारियों से संगठन में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने और रायगढ़ जिले में अनुसूचित जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

 

26 नवंबर को संविधान दिवस और 29 नवंबर को निर्णायक जिला बैठक

 

संगोष्ठी के अंत में संयोजक विवेक तिर्की ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर 2026 को आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी एकता मंच के बैनर तले कंवर भवन, बोईरदादर, रायगढ़ में संविधान दिवस मनाया जाएगा।

 

वहीं 29 नवंबर 2026 को कंवर भवन, बोईरदादर, रायगढ़ में जिले के अनुसूचित जनजाति अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संघ के प्रांताध्यक्ष श्री आर.एन. ध्रुव एवं जिला अध्यक्ष श्री फागुलाल सिदार को आमंत्रित करने के लिए प्रयास किया जाएगा।

 

संयोजक मंडल की मंशा है कि जिले के अधिकाधिक आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में संगठन की वर्तमान स्थिति पर खुली चर्चा हो तथा जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन और नई कार्यकारिणी के विस्तार पर ठोस निर्णय लिया जाए। इसके लिए सभी विभागों के आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों एवं विशेषकर महिला कर्मचारियों से बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की गई है।

 

संयोजक मंडल ने कहा कि इस पूरी मुहिम का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि आदिवासी कर्मचारी-अधिकारियों के हितों की रक्षा करने वाला पारदर्शी, सक्रिय, विश्वसनीय और जवाबदेह संगठन खड़ा करना है।

 

बैठक में सतीश मिंज सहित किंडो सर द्वय भी उपस्थित रहे। अंत में संयोजक मंडल ने उपस्थित सभी महिला अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

संयोजक मंडल, जिला रायगढ़

बिनेश भगत | दीपक लकड़ा | नोहर सिंह सिदार | विवेक तिर्की एवं टीम

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!