मुख्य समाचार
विवाह से पहले कुंडली मिलान के साथ अब होगा सिकल सेल कार्ड का मिलान, स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल
पंडितों एवं पुरोहितों को सिकल सेल रोग के प्रति किया गया जागरूक, विवाह योग्य युवक-युवतियों की जांच पर दिया जोर

विवाह से पहले कुंडली मिलान के साथ अब होगा सिकल सेल कार्ड का मिलान, स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल
पंडितों एवं पुरोहितों को सिकल सेल रोग के प्रति किया गया जागरूक, विवाह योग्य युवक-युवतियों की जांच पर दिया जोर
छाल : विवाह से पहले कुंडली मिलान के साथ अब वर-वधू के सिकल सेल कार्ड का मिलान भी जरूरी है। सिकल सेल रोग की रोकथाम और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग रायगढ़ द्वारा एक विशेष पहल की गई है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में पंडितों एवं पुरोहितों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पंडितों एवं पुरोहितों को विवाह योग्य युवक-युवतियों के कुंडली मिलान के साथ सिकल सेल जांच एवं जेनेटिक कार्ड के मिलान के महत्व की जानकारी दी गई।

सीईओ जिला पंचायत श्री पठारे ने कहा कि विवाह से पहले वर-वधू को सिकल सेल की जांच अवश्य करानी चाहिए तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेना चाहिए। इससे भावी दंपती को संतान में सिकल सेल रोग होने की संभावनाओं को समझने और जागरूकता के साथ निर्णय लेने में मदद मिलती है। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारी है, जो माता-पिता से संतान में स्थानांतरित हो सकती है। यह संक्रामक बीमारी नहीं है और किसी व्यक्ति के संपर्क में आने से नहीं फैलती। समय पर पहचान, उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं नियमित उपचार से इस बीमारी से प्रभावित व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।




