रायगढ़ में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के सम्मान में चूक! कलेक्टर ने कॉलेज प्राचार्य को थमाया कारण बताओ नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब था जवाब
छत्तीसगढ़

जय जोहार इंडिया TV क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
रायगढ़ में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के सम्मान में चूक! कलेक्टर ने कॉलेज प्राचार्य को थमाया कारण बताओ नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायगढ़। जिले के सेठ किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत के गायन में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने महाविद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।

जारी नोटिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत निर्धारित क्रम में नहीं गाए गए। साथ ही इनके लिए निर्धारित आधिकारिक संस्करण का भी उपयोग नहीं किए जाने की बात कही गई है।
कलेक्टर कार्यालय ने इसे राष्ट्रीय सम्मान एवं संवैधानिक दायित्वों से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्राचार्य से जवाब मांगा है। नोटिस में कार्यक्रम के प्रभारी, गायन संचालित करने वाले व्यक्तियों के नाम, पदनाम, प्रयुक्त क्रम तथा पाठ एवं संस्करण का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे में देना होगा जवाब
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में प्राचार्य को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित त्रुटियों के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई है।
निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय निर्णय लेकर नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
अब इस मामले में महाविद्यालय प्रबंधन के जवाब और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।



