हाथियों के झुंड ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर ही मौत; इलाके में भारी दहशत
छत्तीसगढ़ रायगढ़ खरसिया

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
हाथियों के झुंड ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर ही मौत; इलाके में भारी दहशत
खरसिया/रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ वन मंडल अंतर्गत खरसिया रेंज में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में डेरा जमाए हाथियों के एक झुंड ने आज एक वृद्ध महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हाथियों के इस हिंसक हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान चंद्रकला बाई डनसेना (पति श्याम लाल), निवासी ग्राम कुर्कीचोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला जब कुर्कीचोली के पास मौजूद थी, तभी अचानक वहाँ विचरण कर रहे हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हाथियों के हमले से बुजुर्ग महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इलाके में अलर्ट: पिछले कई दिनों से खरसिया रेंज में हाथियों की मौजूदगी की खबरें आ रही थीं, लेकिन आज हुई इस जनहानि के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी और डर का माहौल है।
मौके पर पहुँचे अधिकारी, जाँच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग खरसिया की टीम और छाल थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है, वहीं वन विभाग के अधिकारियों द्वारा मामले की जाँच की जा रही है।



