मुख्य समाचार

संघर्षों को मात देकर कुर्रू के कृष ने रचा इतिहास: छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में हासिल किया प्रदेश में तीसरा स्थान

छत्तीसगढ़

संघर्षों को मात देकर कुर्रू के कृष ने रचा इतिहास: छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में हासिल किया प्रदेश में तीसरा स्थान

छाल: संघर्ष जब जिद्द बन जाए, तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है रायगढ़ जिले के ग्राम कुर्रू निवासी होनहार छात्र कृष महंत ने। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में कृष ने गणित विषय में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान (3rd Rank) प्राप्त कर अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। वह अपने जिले में प्रथम स्थान पर रहे हैं।

​साइकिल से तय किया सफलता का सफर

​कृष महंत, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल छाल के छात्र हैं। उनकी यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सुविधाओं के अभाव को कभी अपनी पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया। वे प्रतिदिन अपने गांव कुर्रू से छाल तक 6-7 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर स्कूल पहुंचते थे। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत ने आज उन्हें इस मुकाम पर खड़ा कर दिया है।

​घड़ी देखकर नहीं, लक्ष्य तय कर की पढ़ाई

​अपनी पढ़ाई के तरीके पर बात करते हुए कृष ने बताया कि उन्होंने कभी घड़ी देखकर पढ़ाई नहीं की। उनका मानना है कि घंटों के हिसाब से पढ़ने से बेहतर है कि आप जो भी पढ़ें, उसे पूरी लगन से पढ़ें। पढ़ाई के साथ-साथ कृष घर के कामों और खेती-किसानी के कार्यों में भी हाथ बंटाते थे। उन्होंने खुद को भटकाव से दूर रखा और मोबाइल का उपयोग बहुत ही सीमित किया।

कृष के पिता कंचन दास महंत और माता के सहयोग ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया। उनके परिवार में कुल 6 सदस्य हैं, जिनमें दो बहनें और एक भाई शामिल हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन खेती-किसानी और राशन दुकान है। कृष ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षक गणों के मार्गदर्शन को दिया है।

​भविष्य का लक्ष्य: बनना चाहते हैं आईएएस (IAS)

​प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान और जिले में टॉप करने के बाद कृष के हौसले बुलंद हैं। उनका सपना देश की सेवा करना है और वे भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहते हैं।

​भावी पीढ़ी को संदेश:

“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। आने वाली पीढ़ी को बस यही कहूंगा कि कड़ी मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं है। अनुशासन के साथ की गई मेहनत ही आपको आपकी मंजिल तक पहुंचाती है।” — कृष महंत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!