भीषण सड़क हादसा: धरमजयगढ़ के ‘ब्लैक स्पॉट’ कोयलार में बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर; 40 से अधिक यात्री घायल
छत्तीसगढ़, रायगढ़, धरमजयगढ़

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
भीषण सड़क हादसा: धरमजयगढ़ के ‘ब्लैक स्पॉट’ कोयलार में बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर; 40 से अधिक यात्री घायल
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क धरमजयगढ़। धरमजयगढ़-खरसिया मार्ग पर स्थित कोयलार क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी पूर्णागिरि बस और सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक के बीच सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वाहन के अंदर तक भारी नुकसान पहुँचा है।

हादसे के वक्त बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। इस टक्कर में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने की मदद दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर भारी संख्या में मदद के लिए दौड़े।

स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस व निजी वाहनों के ज़रिए तत्काल नज़दीकी अस्पताल पहुँचाया गया।

लगातार हादसों का केंद्र बना कोयलार क्षेत्र
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कोयलार क्षेत्र दुर्घटनाओं का संवेदनशील ज़ोन (ब्लैक स्पॉट) बन चुका है, जहाँ आए दिन तेज़ रफ़्तार और मोड़ के कारण गंभीर हादसे होते रहते हैं। बार-बार होती दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई है और मामले की जाँच में जुट गई है।।



