207 सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन का विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़, रायगढ़

जय जोहार इंडिया TV क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
207 सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन का विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
15 दिनों में निर्णय वापस लेने की मांग, मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायगढ़- छत्तीसगढ़ प्रदेश के 207 शासकीय विद्यालयों को 30 वर्षों के लिए निजी संस्थाओं को लीज पर देने के प्रस्ताव के विरोध में गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन (GSU) जिला इकाई रायगढ़ ने आवाज बुलंद की है। यूनियन ने इस निर्णय को गरीब, आदिवासी, दलित एवं वंचित वर्ग के बच्चों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार के लिए चिंताजनक बताते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन की जिला अध्यक्ष कविता सिदार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सामाजिक नेत्री दीजोरी सिदार, विकास सिदार, सागर सिदार, शोभा सिदार, नेहा पोर्ते, लोकनाथ राय, नीलम नाग, नंदकिशोर राठिया सहित यूनियन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 16 नवंबर 2026 को समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के माध्यम से प्रदेश के 207 शासकीय विद्यालयों को O&M मॉडल के तहत 30 वर्षों के लिए निजी संस्थाओं को सौंपने के प्रस्ताव की जानकारी सामने आई है। यूनियन ने इस निर्णय पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि सरकारी विद्यालय गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों की शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में विद्यालयों को लंबे समय के लिए निजी संस्थाओं को सौंपने से शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

यूनियन ने रखीं चार प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से यूनियन ने सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं—
1. प्रदेश के 207 विद्यालयों को लीज पर देने का निर्णय तत्काल निरस्त किया जाए।
2. शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जाए।

3. विद्यालयों की बिल्डिंग, लाइब्रेरी, लैब एवं खेल मैदानों की मरम्मत और विकास के लिए सरकार स्वयं बजट उपलब्ध कराए।
4. शिक्षा को व्यापार बनाने की नीति पर रोक लगाई जाए।

यूनियन का कहना है कि यदि विद्यालयों का संचालन निजी संस्थाओं के हाथों में जाता है तो शुल्क निर्धारण और शिक्षा व्यवस्था पर निजी संस्थाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही शिक्षकों की नौकरियों पर भी संकट उत्पन्न हो सकता है।
15 दिनों का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर निर्णय वापस लेने की अपील की है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो यूनियन प्रदेश स्तर पर शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

यूनियन ने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं, पर्याप्त शिक्षक और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि गरीब एवं आदिवासी समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके।





