मुख्य समाचार
तारांगन’ राष्ट्रीय कला महोत्सव में छत्तीसगढ़ की महिमा चन्द्रा ने मारी बाजी, बढ़ाया मान
छत्तीसगढ़

तारांगन’ राष्ट्रीय कला महोत्सव में छत्तीसगढ़ की महिमा चन्द्रा ने मारी बाजी, बढ़ाया मान
रायगढ़ : उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित चार दिवसीय प्रतिष्ठित ‘तारांगन’ अखिल भारतीय राष्ट्रीय नृत्य, संगीत एवं ललित कला प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर गूंज उठा है। क्षेत्र के ग्राम नवापारा (छाल) की नन्ही परी महिमा चन्द्रा ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे प्रदेश सहित स्थानीय अंचल में हर्ष का माहौल है।
राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई कला की चमक
दुर्ग (छत्तीसगढ़) की संस्था ‘कथक रॉकर्स’ द्वारा आयोजित और भारत सरकार के MSME व ISO द्वारा प्रमाणित इस गरिमापूर्ण राष्ट्रीय महोत्सव में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने हिस्सा लिया था। इतने बड़े मंच पर कड़े मुकाबले के बीच नवापारा की नन्ही कलाकार महिमा चन्द्रा ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि निर्णायक मंडल भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका। महिमा ने प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य को गौरवान्वित किया है।
सफलता के पीछे माता-पिता का संबल और गुरु का मार्गदर्शन
महिमा की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके परिवार का अटूट सहयोग और गुरु की कड़ी मेहनत रही है। महिमा के पिता तोस राम चन्द्रा और माता कालेश्वरी चन्द्रा ने अपनी बेटी की प्रतिभा को हमेशा तराशा और उसे आगे बढ़ने का हौसला दिया। वहीं, उनकी गुरु प्रीति चन्द्रा के कुशल मार्गदर्शन और सिखाए गए हुनर की बदौलत ही महिमा ने राष्ट्रीय स्तर के इस कड़े मुकाबले में शीर्ष स्थान हासिल किया।

”ग्रामीण अंचल की इस छोटी सी बच्ची ने यह साबित कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन, माता-पिता का सहयोग और खुद का हौसला हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।”



