जय जोहार इंडिया TV क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
15 नवंबर को पूरे प्रदेश में मनेगा भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं आदिवासी अधिकार दिवस, सर्व आदिवासी समाज ने लिया बड़ा निर्णय
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज (रूढ़िजन्य परंपरा पर आधारित) की 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित प्रादेशिक बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को लेकर प्रदेशभर के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. रावटे द्वारा 26 अक्टूबर को जारी पत्र में समाज की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी गई है।

जारी पत्र के अनुसार, आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में आदिवासी अधिकार दिवस जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा। इस दौरान आदिवासी समाज के संवैधानिक हक-अधिकार, शिक्षा, आरक्षण, पेसा कानून, भाषा-बोली एवं स्थानीय ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आदिवासी समाज की लंबित मांगों पर शासन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं किए जाने की स्थिति में आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जा सकता है। इसकी तैयारी जिला स्तर से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संगठन विस्तार को लेकर प्रत्येक जिले में सदस्यता अभियान चलाकर कम से कम 1000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, आगामी 6 मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के आदिवासी सम्मेलन की तैयारियों के लिए प्रत्येक जिले से कम से कम 500 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा समाज की जमीनों की अवैध खरीदी-बिक्री एवं अन्य समुदायों के माध्यम से जमीनों के हस्तांतरण पर चिंता जताते हुए जिलाध्यक्षों को ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित कलेक्टर को प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र के माध्यम से प्रदेशभर के पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने, समाज की एकजुटता बनाए रखने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई है।
अब 15 नवंबर का आयोजन केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और एकजुटता का संदेश देने वाला प्रदेशव्यापी अभियान बनने जा रहा है।।