फ्लाईएश बना आफत, सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे बेलगाम वाहन — प्रशासन मौन
छाल : क्षेत्र में इन दिनों फ्लाईएश का निपटान आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गया है। उद्योगों से निकलने वाली राख सड़कों पर धूल बनकर उड़ रही है, वहीं इसे ढोने वाले भारी वाहन लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब जन-आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है।
बताया जा रहा है कि भारतमाला परियोजना के नाम पर फ्लाईएश के निपटान का कार्य तेजी से किया जा रहा है, लेकिन इस दौरान नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। ठेकेदार और ट्रांसपोर्टर अधिक मुनाफे के लालच में क्षमता से अधिक लोड लेकर वाहन चला रहे हैं, जिससे सड़कें खराब हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
रिहायशी इलाकों और संकरी सड़कों पर भी भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दर्शाती हैं। वहीं तिरपाल से ढके बिना या लीकेज के कारण फ्लाईएश सड़कों पर गिर रही है, जिससे दोपहिया वाहन चालक फिसलकर हादसे का शिकार हो रहे हैं और राहगीरों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उड़ती धूल और बेलगाम वाहनों ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम उठाते नजर नहीं आ रहे हैं।
इधर, इस मुद्दे को लेकर भाजपा महामंत्री ने भी कड़ा रुख अपनाया है और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित शिकायत सौंपने की तैयारी कर ली है। क्षेत्रवासियों को अब प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।