मुख्य समाचार

धरमजयगढ़ में एक ओर जनजातीय गौरव दिवस की भव्य तैयारी, दूसरी ओर जल-जंगल-जमीन की हुंकार! पुरुंगा में 11 नवंबर को फिर महापंचायत

छत्तीसगढ़, रायगढ़, धरमजयगढ़,

जय जोहार इंडिया TV क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क 

धरमजयगढ़ में एक ओर जनजातीय गौरव दिवस की भव्य तैयारी, दूसरी ओर जल-जंगल-जमीन की हुंकार! पुरुंगा में 11 नवंबर को फिर महापंचायत

15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की चर्चा, 11 नवंबर को स्मृति ईरानी का प्रस्तावित दौरा; इसी बीच अडानी कोल ब्लॉक के विरोध में आदिवासी समाज की एकजुटता ने बढ़ाई हलचल।

जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ इन दिनों दो अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को लेकर चर्चा में है। एक ओर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात सामने आ रही है। वहीं दूसरी ओर प्रस्तावित पुरुंगा कोयला परियोजना के विरोध में आदिवासी ग्रामीण अपने जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।

इसी बीच 11 नवंबर को प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के धरमजयगढ़ दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। ऐसे में नवंबर का यह सप्ताह धरमजयगढ़ के लिए राजनीतिक, सामाजिक और जनहित के मुद्दों के लिहाज से खास रहने वाला है।

11 नवंबर को पुरुंगा में फिर आंदोलन की तैयारी

मेसर्स अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (अडानी समूह) की प्रस्तावित पुरुंगा कोयला परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध एक बार फिर तेज हो रहा है। दोबारा पर्यावरणीय जनसुनवाई कराए जाने की सुगबुगाहट के बीच पुरुंगा, तेंदूमुड़ी कोकदार रजमार और समरसिंघा क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 11 नवंबर 2025 को भारी ग्रामीण विरोध के बाद प्रस्तावित पर्यावरणीय जनसुनवाई स्थगित कर दी गई थी। अब उसी तारीख को एक साल बाद ग्रामीण फिर सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

25 अक्टूबर की बैठक में बनी थी आंदोलन की रणनीति

इस विरोध की तैयारी अचानक नहीं हुई है। पिछले 25 अक्टूबर को पुरुंगा हाई स्कूल मैदान में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बैठक कर प्रस्तावित कोयला परियोजना और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी। इसी बैठक में 11 नवंबर को एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी पर विचार किया गया था यह बैठक में क्षेत्रीय विधायक लालजीत राठिया भी शामिल रहे।

इसके बाद ग्रामीणों की सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी के साथ तीन पंचायतों के ग्रामीण जल-जंगल-जमीन की रक्षा के सवाल पर एक मंच पर आने की तैयारी में हैं।

जनजातीय गौरव दिवस की तैयारी के बीच अधिकारों की लड़ाई

धरमजयगढ़ में एक ओर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारियां हो रही हैं, तो दूसरी ओर आदिवासी ग्रामीण जंगल, जमीन, जलस्रोत और अपने भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।

ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि विकास की योजनाओं के बीच उनके पारंपरिक अधिकारों, वनभूमि, आजीविका और पर्यावरणीय हितों का संरक्षण कैसे सुनिश्चित होगा?

प्रस्तावित पुरुंगा भूमिगत कोयला परियोजना का क्षेत्रफल लगभग 869.025 हेक्टेयर बताया गया है, जिसमें करीब 621.331 हेक्टेयर वनभूमि शामिल होने की जानकारी परियोजना संबंधी दस्तावेजों में सामने आई है। इसी को लेकर वनाधिकार, पर्यावरण और स्थानीय समुदायों के हितों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अब निगाहें 11 और 15 नवंबर पर

धरमजयगढ़ में आने वाले दिनों में दो महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। 11 नवंबर को स्मृति ईरानी का प्रस्तावित दौरा और पुरुंगा में ग्रामीणों के विरोध की तैयारी, जबकि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का बड़ा आयोजन प्रस्तावित है।

एक तरफ जनजातीय गौरव और आदिवासी महापुरुषों की विरासत का उत्सव मनाने की तैयारी है, तो दूसरी तरफ उसी आदिवासी समाज के ग्रामीण अपने जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक अधिकारों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में हैं।

अब सवाल यह है कि जनजातीय गौरव दिवस के मंचों से आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की बात के बीच पुरुंगा के ग्रामीणों की जल-जंगल-जमीन से जुड़ी चिंताओं पर भी ध्यान दिया जाएगा?

फिलहाल पुरुंगा से उठ रही आवाज का संदेश स्पष्ट है—ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं। अब सबकी निगाहें 11 नवंबर और उसके बाद 15 नवंबर के आयोजनों पर टिकी हैं।।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!