मामूली विवाद ने उजाड़ा घर, पति ने लकड़ी से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़, रायगढ़, धरमजयगढ़
जय जोहार इंडिया TV भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
मामूली विवाद ने उजाड़ा घर, पति ने लकड़ी से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खबर सामने आई है। जहाँ महुआ बीनने गए एक दंपत्ति के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आवेश में आकर पति ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली। रैरूमाखुर्द पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए नागरिकों को संयम बरतने की नसीहत दी है।

घटना चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के ग्राम राजकोट (अमलझरिया) की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को गणेश कोरवा अपनी पत्नी सुकांति कोरवा के साथ महुआ बीनने जंगल गया था। जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों में चिंता बढ़ गई। अगले दिन गणेश अकेला घर पहुँचा और गुमराह करने लगा कि सुकांति रास्ते में सोई हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विजय एक्का ने जब सघन जांच शुरू की, तो परतें खुलने लगीं। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी गणेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि विवाद के दौरान जब पत्नी नहीं उठी, तो उसने पास पड़ी बांस की फाड़ी (लकड़ी) से उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि सुकांति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी गणेश कोरवा (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार (बांस की लकड़ी) भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026, धारा 103(1) BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।।



