मुख्य समाचार

हरि ओम पब्लिक स्कूल छाल में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन 

छत्तीसगढ़

हरि ओम पब्लिक स्कूल छाल में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन 

छाल : हरि ओम पब्लिक हाई स्कूल, छाल में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी बहुआयामी प्रतिभाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुआ। पुराने एवं नए गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों में जहाँ एक ओर बच्चों का आत्मविश्वास और उत्साह झलक रहा था, वहीं भावनात्मक गीतों पर प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कई प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में प्रस्तुत गीत, नृत्य एवं नाट्य मंचन अत्यंत सराहनीय रहे।

देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त रूप से उजागर किया, वहीं नारी शिक्षा और बुजुर्गों के सम्मान पर आधारित नाटक ने उपस्थित जनसमूह को गहरे स्तर पर सोचने को विवश कर दिया।
इस प्रस्तुति के दौरान कई बुजुर्ग दर्शकों की आँखें नम हो गईं और सभागार में “वाह-वाह” की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अरुणधर दीवान, विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिखा रविंद्र गवेल, श्रीमती रजनी राठिया, संत राम खूंटे एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एस.आर. सिदार उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि हरि ओम पब्लिक हाई स्कूल, छाल न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली रहा। अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एक स्मरणीय आयोजन बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य आशा शर्मा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, संस्कार, स्वदेश-प्रेम, खेलकूद एवं अन्य प्रतिभाओं को निखारने हेतु निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए सभी सहयोगियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम में अभिभावकों के अलावा ग्राम एवं क्षेत्र के विशिष्टजन, पत्रकारगण तथा सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण परिसर कभी दूधिया तो कभी सतरंगी रंगों में नहाता नजर आया और यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!