ट्रेलरों में आमने-सामने भीषण भिड़ंत, एक चालक की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत
छत्तीसगढ़, कोरबा

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
ट्रेलरों में आमने-सामने भीषण भिड़ंत, एक चालक की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त कि केबिन के उड़े परखच्चे, कटर से काटकर निकाला गया शव; दूसरा ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार।
कोरबा कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भालूमोड़ के पास एक बार फिर रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला है। यहाँ दो तेज रफ्तार ट्रेलरों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा (केबिन) पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया और मृतक चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। वहीं, हादसे को अंजाम देने के बाद दूसरा ट्रेलर चालक अपने वाहन सहित मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।

केबिन में फंसा रहा चालक, मौके पर तोड़ा दम
दुर्घटना भालूमोड़ के पास हुई, जब दोनों भारी वाहन अत्यधिक गति में थे। आमने-सामने की टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह कुचल गया था। उसने मदद के लिए काफी छटपटाहट दिखाई, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
कटर से काटकर निकाला गया शव,
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। चालक का शव लोहे के मलबे में इस कदर फंस चुका था कि उसे सामान्य तरीके से निकालना नामुमकिन था। पुलिस ने फौरन गैस कटर का इंतजाम किया और केबिन को काटकर शव को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी निर्मित हो गई थी।
फरार आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर चालक इंसानियत को ताक पर रखकर, पुलिसिया कार्रवाई के डर से अपने वाहन समेत मौके से भाग निकला। कटघोरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है, जांच जारी है।।



