सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की संभागीय बैठक संपन्न: एक माह में ब्लॉक स्तर पर होगा संगठन का विस्तार
छत्तीसगढ़, बिलासपुर

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की संभागीय बैठक संपन्न: एक माह में ब्लॉक स्तर पर होगा संगठन का विस्तार
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क अंबिकापुर स्थित कंवर भवन में सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की संभाग स्तरीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित युवा प्रभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने संभाग के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी एक माह के भीतर प्रत्येक जिले में ब्लॉक स्तरीय इकाइयों का गठन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि संगठित जनबल ही समाज की वास्तविक शक्ति है।

इन ज्वलंत मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा
बैठक के दौरान आदिवासी समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषयों पर रणनीति बनाई गई। इसमें मुख्य रूप से स्थानीय भर्ती, आरक्षण एवं जनगणना, निजीकरण का विरोध, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, भू-माफिया नियंत्रण कानून, परिसीमन, और ग्राम सभा की अनिवार्य सहमति जैसे मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा उद्योग-व्यापार व खनन में हिस्सेदारी, आस्था केंद्रों एवं देवगुड़ियों का संरक्षण, पेसा (PESA) व वन अधिकार कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, आदिवासी शिक्षा, मातृभाषा तथा पाँचवीं अनुसूची के संरक्षण पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

पिछले 22 जून के प्रदेशव्यापी ज्ञापन पर जोर (समीक्षाएं)
प्रदेश अध्यक्ष श्री परते ने बीते 22 जून को आयोजित प्रदेशव्यापी ज्ञापन के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिवासित क्षेत्रों में मजबूत पकड़ बनाकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है और शासन-प्रशासन तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है। अब पूरे और एकजुटता के साथ हमारा मूल अधिकार की मांग करेंगे।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस रणनीतिक बैठक में युवा प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष उदय कुमार पंडो, सर्व आदिवासी समाज सरगुजा के संभाग अध्यक्ष डॉ. अमृत सिंह मरावी, युवा प्रभाग सरगुजा के संभाग अध्यक्ष राजा क्षितिज कुमार सिंह उईके, सूरजपुर जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया और सरगुजा जिला अध्यक्ष आशीष सिंह कुसरो सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

इसके अलावा बैठक में नरेश पैकरा (जिला उपाध्यक्ष), चंद्रभान सिंह सोरी, जंग साय पोया, अमर बहादुर आयाम, सम्प लाल पोया, राजबली मरकाम (ब्लॉक अध्यक्ष वाड्रपनगर), कमलेश प्रकाश मराबी (मीडिया प्रभारी), आनंद सिंह उईके, गिरीश ध्रुव, रामलाल करियाम, मुनेश्वर पोर्ते, खलखो (जिला उपाध्यक्ष सरगुजा) एवं वकील साहब सहित बड़ी संख्या में जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

एकजुटता का लिया संकल्प
बैठक के समापन पर संगठन के विस्तार और मजबूती के साथ-साथ आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया।।



