कोयला लोड ट्रेलरों में भीषण भिड़ंत, जिंदा जला एक ड्राइवर; तमनार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
छत्तीसगढ़, रायगढ़,

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
कोयला लोड ट्रेलरों में भीषण भिड़ंत, जिंदा जला एक ड्राइवर; तमनार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तमनार थाना क्षेत्र के झिकाबहाल गांव के पास कोयला लोड दो ट्रेलरों के बीच इतनी भीषण टक्कर हुई कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते भयानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ड्राइवर की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दूसरे ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।

कोयला लोड होने के कारण भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलरों में भारी मात्रा में कोयला लोड था। झिकाबहाल गांव के पास दोनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और उनमें आग लग गई। कोयला लोड होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया, जिससे दोनों ट्रेलर धू-धू कर जल उठे।
एक की दर्दनाक मौत, दूसरे ने कूदकर बचाई जान
इस हादसे के दौरान एक ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में ही फंस गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। वहीं, दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, उसे भी चोटें आने की खबर है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसमान में धुएं का गुबार देखकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी।
मौके पर राहत कार्य जारी: सूचना मिलते ही तमनार थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।



