मुख्य समाचार
खौफनाक: जमीन के लालच में कसाई बना भतीजा; बड़ी मां को मौत के घाट उतार बाइक पर लादकर जंगल में फेंकी लाश
छत्तीसगढ़, रायगढ़, धरमजयगढ़, छाल, बाहेरामार

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क
खौफनाक: जमीन के लालच में कसाई बना भतीजा; बड़ी मां को मौत के घाट उतार बाइक पर लादकर जंगल में फेंकी लाश
जय जोहार इंडिया TV न्यूज नेटवर्क रायगढ़ | रिश्तों के कत्ल और जमीनी विवाद की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में एक कलयुगी भतीजे ने अपनी 70 वर्षीय बड़ी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को मोटरसाइकिल पर लादकर घने जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। छाल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है।

महुआ बीनने गई वृद्धा फिर कभी लौटकर नहीं आई
मामले का खुलासा तब हुआ जब 22 अप्रैल को मृतिका के पुत्र लोकनाथ राठिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां केवला बाई राठिया (70 वर्ष) पिछले 4-5 दिनों से लापता है। उसे अपने चचेरे भाई आशन राठिया पर शक था, क्योंकि जमीन के बंटवारे और बिक्री को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

जंगल की झुरमुटों में मिला सड़ा-गला शव
पुलिस जब जांच में जुटी, तभी बेहरामार-जामपाली मार्ग के पास जंगल में एक गड्ढे से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच मृतिका केवला बाई का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
आरोपी ने कबूला जुर्म: लात-घूसों से ली जान
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब आशन राठिया (36 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो वह टूट गया। उसने बताया कि:
18 अप्रैल को जब केवला बाई महुआ बीनने गई थी, तब आरोपी ने जमीन बेचने की बात को लेकर विवाद शुरू किया।
गुस्से में आकर उसने वृद्धा पर हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने लाश को अपनी बाइक पर रखा और चुपके से जंगल में फेंक आया।
पुलिस की कार्रवाई और एसएसपी का संदेश
छाल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और ऋण पुस्तिका बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।




