मुख्य समाचार

घर के भीतर संदिग्ध परिस्थिति में अधजली मिली बुजुर्ग दंपति की लाशें, इलाके में सनसनी

छत्तीसगढ़, रायगढ़, धरमजयगढ़

जय जोहार इंडिया TV न्यूज भारत के सबसे लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क

 

धरमजयगढ़ में रूह कंपा देने वाली वारदात: घर के भीतर संदिग्ध परिस्थिति में अधजली मिली बुजुर्ग दंपति की लाशें, इलाके में सनसनी

रायगढ़  -धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम क्रोधा में आज सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की उनके ही घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में अधजली हुई लाशें बरामद हुई हैं। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

सुबह कामवाले ने देखा खौफनाक मंजर-
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बुजुर्ग की पहचान मंगलू राम राठिया (उम्र लगभग 65 वर्ष) और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। रोज की तरह आज सुबह जब उनके घर पर काम करने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा, तो उसने देखा कि दोनों बुजुर्ग पति-पत्नी की लाशें संदिग्ध स्थिति में अधजली पड़ी हुई थीं। यह देखते ही उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों तथा पुलिस को दी।

रात के अंधेरे में वारदात को दिया गया अंजाम
बताया जा रहा है कि यह खौफनाक घटना बीती रात की है। अज्ञात तत्वों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।

कुछ वर्ष पहले ही औरामुड़ा घरघोड़ा से आकर बसे थे क्रोधा में
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि मंगलू राम राठिया मूल रूप से रायगढ़ जिले के ग्राम औरामुड़ा के निवासी थे। कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने ग्राम क्रोधा (थाना धरमजयगढ़) में जमीन खरीदी थी और यहीं रहकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। वहीं उनका बेटा और बहू अपने पुरखौती गांव औरामुड़ा में ही निवास करते हैं। बुजुर्ग दंपति के इस तरह संदिग्ध और वीभत्स अंत से उनका परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस हर एंगल (हत्या, लूटपाट या आपसी रंजिश) से मामले की तफ्तीश कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और आग लगने की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!