अफवाहबाजों की खैर नहीं, छाल तहसीलदार लोमेश मिरी का सख्त अल्टीमेटम
छाल : क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही भ्रामक अफवाहों और कथित अस्थिरता के माहौल पर प्रशासन ने पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। अफवाहबाजों और जमाखोरों को कड़ा संदेश देते हुए आज छाल तहसीलदार लोमेश मिरी के नेतृत्व में तहसील कार्यालय में एक बेहद महत्वपूर्ण और आपात बैठक बुलाई गई। इस बैठक में तहसीलदार का बेहद सख्त रुख देखने को मिला जहां उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि क्षेत्र में भ्रामक खबरें फैलाने वाले और कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और गड़बड़ी पाए जाने पर सीधे जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
इस बैठक में क्षेत्र के खाद्य अधिकारी, छाल थाना प्रभारी सहित तहसील क्षेत्र के सभी 8 पेट्रोल पंप संचालक और 2 एलपीजी गैस एजेंसी संचालक मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक का एकमात्र और मुख्य एजेंडा क्षेत्र में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना और जनता के बीच फैले भ्रम को जड़ से खत्म करना था।
डिब्बे जरकिन में पेट्रोल देने पर पूरी तरह बैन
तहसीलदार लोमेश मिरी ने सभी पंप संचालकों से उनके स्टॉक का लाइव फीडबैक लिया और स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में प्रशासन द्वारा कुछ बड़े और सख्त फैसले लिए गए किसी भी ग्राहक को जरकिन गैलन डिब्बे या किसी भी ऐसे बर्तन में पेट्रोल डीजल नहीं दिया जाएगा जिससे स्टोरेज या कालाबाजारी की संभावना हो।
लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा
पंपों पर अफरा तफरी का माहौल न बने इसलिए डीजल और पेट्रोल के लिए अलग अलग लाइनें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रकों के साथ साथ किसानों के ट्रैक्टरों को भी उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त डीजल मुहैया कराया जाएगा ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो। इमरजेंसी सेवाओं के लिए कोई लाइन नही एम्बुलेंस पुलिस प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य पर परिस्थिति अनुरूप तत्काल सेवा मुहैया कराई जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी पंपों पर ग्राहकों के लिए शीतल जल और ओआरएस की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है।
बैठक में मौजूद खाद्य अधिकारी ने सभी संचालकों को हिदायत देते हुए कहा कि क्षेत्र में पेट्रोल डीजल और एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसी भी तरह की कोई किल्लत नहीं है। ग्राहकों को उनकी जरूरत के हिसाब से ही ईंधन दें ताकि कोई भी भ्रामक प्रचार के जरिए इसकी कालाबाजारी शुरू न कर सके।
थाना प्रभारी का कड़ा संदेश
बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर छाल थाना प्रभारी ने भी सख्त लहजा अपनाया। उन्होंने पंप संचालकों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। आम जनता और संचालक तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ले सकते हैं। इसके साथ ही थाना प्रभारी ने अपना पर्सनल नंबर भी साझा किया और कहा कि 24 घंटे पुलिस सुरक्षा के लिए मुस्तैद है।
प्रशासन की इस मुस्तैदी से साफ है कि छाल क्षेत्र में अब अफवाह उड़ाने वालों और मुनाफाखोरी का सपना देखने वालों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फिर चुका है। क्षेत्र में ईंधन की कोई कमी नहीं है बस जनता को जागरूक रहने और संयम बरतने की जरूरत है।