देवनारायण बरेठ (पिंटू) बने भाजपा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक, कार्यकर्ताओं में हर्ष
जांजगीर-चांपा : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं सहसंयोजकों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस नवीन कार्यकारिणी में जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर से सक्रिय भाजपा नेता देवनारायण बरेठ (पिंटू) को नगरीय निकाय प्रकोष्ठ का जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है।
देवनारायण बरेठ वर्तमान में नगरपालिका परिषद अकलतरा के वार्ड क्रमांक 19 से निर्वाचित पार्षद हैं। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और इससे पूर्व भी भारतीय जनता पार्टी के अंतर्गत अनेक महत्वपूर्ण एवं प्रमुख दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके सांगठनिक अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
देवनारायण बरेठ (पिंटू) की इस नियुक्ति से अकलतरा सहित पूरे जांजगीर-चांपा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी हर्ष का माहौल है। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन का सही निर्णय बताते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में नगरीय निकाय प्रकोष्ठ को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।